
दाे दिनों की बैठक के बाद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के स्तर पर जदयू के उम्मीदवारों की सूची (JDU Candidates List) पर मुहर लग गई है। गुरुवार को नीतीश कुमार ने दो चरणों में पार्टी की कोर कमेटी से जुड़े नेताओं के साथ बैठक की।
सब कुछ तय होने के बाद अब यह होना है कि लोजपा (रामविलास), हम व रालोमो के साथ भाजपा की सहमति के बाद जदयू अपने प्रत्याशियों को सिंबल बांटना आरंभ करेगा।
यह संभव है कि पहले चरण में जिन विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव है वहां के प्रत्याशियों के नाम की घोषणा पहले की जाएगी। जदयू 105 सीटाें पर अपने उम्मीदवार उतारेगा। दो-तीन सीटों में बदलाव की बात भाजपा द्वारा कही जा रही।
नीतीश कुमार ने गुरुवार को दो चरणों में पार्टी के कोर कमेटी के नेताओं के साथ बैठक की। पहली बैठक सुबह 10 बजे से आरंभ हुई। बैठक में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष पार्टी के प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सभी नामों को गंभीरता से सुना। सामाजिक समीकरण पर भी बातें हुईं।
इसके बाद यह तय हुआ कि भाजपा के साथ अन्य घटक दलों की सहमति के बाद पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा पार्टी के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर देंगे।
नीतीश कुमार के दूसरे चरण की बैठक शाम चार बजे से आरंभ हुई। इस बैठक में चुनाव प्रचार के मुद्दे पर चर्चा हुई। इस बात पर रणनीति बन रही कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष किस तरह से चुनाव अभियान में निकलेंगे। कहां-कहां सभाएं होंगी और कहां रोड शो होगा।
